
बिलासपुर,एलायंस एयर कंपनी ने कोलकाता-बिलासपुर फ्लाइट का नया शेड्यूल जारी किया है। पहले सप्ताह में मंगलवार और गुरुवार को उड़ान उपलब्ध थी, लेकिन अब इसमें बदलाव करते हुए फ्लाइट सेवा बुधवार और रविवार को संचालित होगी। यह बदलाव 1 जुलाई से प्रभावी कर दिया गया है। एलायंस एयर कंपनी द्वारा संचालित यह सेवा बिलासपुर से कोलकाता के साथ-साथ जबलपुर, प्रयागराज और दिल्ली को भी जोड़ रही है। नई समय-सारिणी फिलहाल जुलाई महीने तक के लिए जारी की गई है। इसमें सभी रूट्स का विस्तृत विवरण भी शामिल है जिससे यात्रियों को सुविधा हो सके। रविवार को दिल्ली से फ्लाइट सुबह 6.55 बजे रवाना होकर जबलपुर होते हुए 10.20 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। वहां से 10.40 बजे उड़ान भरकर 12.30 बजे कोलकाता पहुंचेगी। वापसी में कोलकाता से दोपहर 1.35 बजे उड़कर फ्लाइट 2.55 बजे बिलासपुर आएगी। इसके बाद 3.15 बजे उड़ान जबलपुर के लिए रवाना होगी और होते हुए शाम 6.55 बजे दिल्ली पहुंचेगी। इसी तरह बुधवार को दिल्ली से फ्लाइट सुबह 6.50 बजे रवाना होकर सीधे 9.50 बजे बिलासपुर पहुंचेगी। बिलासपुर से कोलकाता के लिए यह फ्लाइट 9.50 बजे उड़कर 11.40 बजे पहुंचेगी। वापसी में कोलकाता से 12.15 बजे रवाना होकर 2.05 बजे बिलासपुर आएगी और वहां से 2.25 बजे उड़कर 3.25 बजे जगदलपुर पहुंचेगी। फिर 3.50 बजे रवाना होकर जबलपुर होते हुए शाम 7.25 बजे दिल्ली पहुंचेगी।यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना इस बदली हुई समय-सारिणी के अनुसार बनाएं। एलायंस एयर की यह पहल बिलासपुरवासियों को बेहतर कनेक्टिविटी देने की दिशा में एक सकारात्मक कदम मानी जा रही है।




