
राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित मैग्नेटो मॉल में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सर्व समाज के प्रदर्शनकारियों ने जमकर उत्पात मचाया। क्रिसमस पर्व की तैयारी को लेकर मॉल में की गई सजावट को लेकर विरोध जताते हुए प्रदर्शनकारियों ने मॉल के अंदर और बाहर तोड़फोड़ की।प्रदर्शनकारी बड़ी संख्या में मैग्नेटो मॉल पहुंचे और वहां लगाए गए क्रिसमस ट्री, सजावटी लाइट्स और अन्य डेकोरेशन को नुकसान पहुंचाया। अचानक हुई इस घटना से मॉल में खरीदारी कर रहे लोगों और कर्मचारियों में दहशत का माहौल बन गया।

कई दुकानों के बाहर रखे सामान को भी क्षति पहुंची है।घटना की सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी और मॉल परिसर से हटाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सजावट को लेकर आपत्ति जताते हुए प्रदर्शन किया गया, जो देखते ही देखते उग्र हो गया।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मॉल प्रबंधन से भी नुकसान का आकलन मांगा गया है। घटना के बाद मॉल की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




