Site icon Grand Gumber News

खेत में ट्रैक्टर विवाद बना खूनी संघर्ष रापा से भतीजे पर जानलेवा हमला, चाचा गिरफ्तार

मस्तूरी थाना क्षेत्र के गतौरा गांव में पुरानी रंजिश और खेत में ट्रैक्टर न घुसने देने की बात को लेकर एक चाचा ने अपने भतीजे पर रापा से जानलेवा हमला कर दिया। घटना गुरुवार सुबह की है, जब कुलेश्वर विश्वकर्मा के खेत में धान बो रहे रामनारायण यादव पर उनके चाचा बद्री यादव ने खेत में पहुंचकर अचानक हमला कर दिया।पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित रामनारायण ने बताया कि बद्री यादव पहले सुबह 9 बजे खेत पर आया और चला गया, लेकिन दोबारा 11 बजे लौटा और ट्रैक्टर न ले जाने को लेकर विवाद करने लगा। देखते ही देखते आरोपी ने गाली-गलौच कर जान से मारने की धमकी दी और रापा से सिर, पेट, पसली और कंधे पर वार कर दिया। घायल रामनारायण की शिकायत पर मस्तूरी पुलिस ने मामला दर्ज किया।घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, एएसपी अर्चना झा और डीएसपी मस्तूरी एलसी मोहले के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई की गई। निरीक्षक हरिशचंद्र टांडेकर की टीम ने आरोपी को घर से गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त रापा भी बरामद किया गया।आरोपी बद्री यादव ने पूछताछ में अपराध कबूल कर लिया है। उसे गम्भीर धाराओं के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Exit mobile version