Site icon Grand Gumber News

खेलों के ज़रिए नशामुक्ति और जागरूकता की ओर — ‘आओ संवारें कल अपना’ अभियान बना सामाजिक आंदोलन

बिलासपुर जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में संचालित “आओ संवारें कल अपना” अभियान को ग्रामीण क्षेत्रों में जबरदस्त प्रतिसाद मिल रहा है। चेतना अभियान के पांचवें चरण के तहत ग्राम महमंद, थाना तोरवा क्षेत्र में 21 अप्रैल से यह पहल शुरू की गई, जिसका उद्देश्य बच्चों को नशा और मोबाइल की लत से दूर रखते हुए उनके शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास की दिशा में कार्य करना है।प्रतिदिन सुबह 5:30 बजे से 100 से अधिक बच्चे वॉलीबॉल, फुटबॉल, खो-खो, कबड्डी, पीटी, रस्सी कूद और फ्रिस्बी जैसे खेलों में हिस्सा ले रहे हैं। इन गतिविधियों से बच्चों में आत्मविश्वास, टीम भावना और अनुशासन का विकास हो रहा है। खेलों के माध्यम से यह अभियान बच्चों को सशक्त और जागरूक नागरिक के रूप में तैयार करने की दिशा में एक अहम कदम है।

बच्चों ने नशामुक्त जीवन की शपथ लेकर समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश भी दिया है।इस प्रेरणादायक प्रयास में ग्रामीण समुदाय, खेल प्रशिक्षकों और सामाजिक संस्थाओं का भी सक्रिय सहयोग मिल रहा है। जीवधारणी फाउंडेशन के विकास वर्मा और अन्य प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में यह आयोजन पूरे माह तक जारी रहेगा। पुलिस विभाग की यह पहल अब एक सामाजिक आंदोलन का रूप ले चुकी है, जो बच्चों के साथ-साथ पूरे गांव को जोड़कर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है।

Exit mobile version