Site icon Grand Gumber News

गणतंत्र दिवस पर गणेश नगर वार्ड 46 में विभिन्न स्थानों पर हुआ ध्वजारोहण संविधान, लोकतंत्र और नागरिक कर्तव्यों का दिया गया संदेश

महापर्व गणतंत्र दिवस के अवसर पर गणेश नगर वार्ड क्रमांक 46 में देशभक्ति और उल्लास का वातावरण रहा। वार्ड के प्रथम नागरिक इब्राहिम खान अब्दुल के नेतृत्व में वार्ड के विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज फहराकर संविधान, लोकतंत्र और राष्ट्र की एकता-अखंडता के प्रति आस्था व्यक्त की गई।

ध्वजारोहण के पश्चात इब्राहिम खान अब्दुल ने उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संविधान के मूल मूल्यों को जीवन में उतारने का संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान विश्व का सबसे बड़ा लिखित संविधान है, जो सभी नागरिकों को समान अधिकार और न्याय प्रदान करता है।

उन्होंने संविधान के साथ जुड़े नागरिक कर्तव्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखना, कानून का सम्मान करना, सामाजिक सद्भाव को मजबूत करना और सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों और युवाओं ने राष्ट्रभक्ति के नारे लगाए तथा वंदे मातरम् और भारत माता की जय के जयघोष से वातावरण गूंज उठा। वार्डवासियों ने एकजुट होकर संविधान की रक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों के सम्मान और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

Exit mobile version