Site icon Grand Gumber News

गणतंत्र दिवस पर सड़कों पर स्टंटबाजी, कानून की उड़ाई धज्जियां वायरल वीडियो के बाद बिलासपुर पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल

एक ओर 26 जनवरी को पूरा देश गणतंत्र दिवस का उत्सव मना रहा था, वहीं बिलासपुर शहर की सड़कों पर कुछ युवकों ने कानून की खुलेआम धज्जियां उड़ाईं। कार से खतरनाक स्टंटबाजी करते युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब पुलिस की कार्यप्रणाली कटघरे में आ गई है।बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो गणतंत्र दिवस का है, जिसमें युवकों की टोली गांधी चौक से तोरवा और राजकिशोर नगर इलाके तक सड़कों पर जानलेवा स्टंट करती नजर आ रही है।

वीडियो से प्रतीत होता है कि यह घटनाक्रम काफी देर तक चलता रहा, लेकिन न तो ट्रैफिक पुलिस ने हस्तक्षेप किया और न ही पेट्रोलिंग टीम ने इन्हें रोकने की कोशिश की।राष्ट्रीय पर्व के दिन आमतौर पर शहर में कड़े सुरक्षा इंतजाम रहते हैं, ऐसे में बीच सड़क इस तरह की लापरवाही सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। स्टंटबाजी के दौरान राहगीरों और अन्य वाहन चालकों की जान जोखिम में पड़ती साफ दिखाई दे रही है।

उप महानिरीक्षक रजनेश सिंह द्वारा लगातार यातायात नियमों के पालन को लेकर सख्ती और जागरूकता की अपील की जाती रही है, बावजूद इसके ऐसे मामले सामने आना चिंता का विषय है। अब देखना यह है कि पुलिस स्टंटबाजों की पहचान कर कब कार्रवाई करती है और क्या इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कोई कदम उठाया जाएगा या नहीं।

Exit mobile version