
बिलासपुर जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हितग्राहियों की मजदूरी राशि में गड़बड़ी का गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम गढ़वट विकासखंड बिल्हा से जुड़े इस मामले में आरोप है कि रोजगार सहायक द्वारा हितग्राहियों की मजदूरी की राशि को बिना उनकी जानकारी और सहमति के मनरेगा मद में स्थानांतरित कर दिया गया। इस संबंध में पीड़ित हितग्राहियों ने कलेक्टर जनदर्शन में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि रोजगार सहायक द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत कार्यरत करीब 60 हितग्राहियों की मजदूरी राशि में हेरफेर की गई है।

आरोप है कि पिछले लगभग तीन वर्षों से यह गड़बड़ी की जा रही थी जिसकी जानकारी हितग्राहियों को नहीं दी गई। जांच करने पर यह संख्या और बढ़ने की आशंका भी जताई गई है। पीड़ितों के अनुसार जब इस गड़बड़ी की जानकारी सामने आई और सवाल किए गए तब भी उन्हें स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया। शिकायत में दावा किया गया है कि इस पूरे मामले में करीब 8 से 10 लाख रुपये की राशि का दुरुपयोग किया गया है। मामले को लेकर पीड़ित हितग्राहियों ने कलेक्टर से मांग की है कि दोषी रोजगार सहायक के खिलाफ कड़ी विभागीय जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही हितग्राहियों की मेहनत की कमाई उन्हें वापस दिलाई जाए।




