
मस्तुरी थाना क्षेत्र में प्रतिबंधित मादक पदार्थ गांजा की तस्करी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी विनोद वर्मा उर्फ औधोलिया को धरमजयगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले मुख्य आरोपी नीरज वर्मा को 20.100 किलो गांजा, एक मोबाइल और एक वैगन-आर कार के साथ रंगेहाथ पकड़ा गया था। आरोपी गांजा ओडिशा से लाकर गनियारी क्षेत्र में बिक्री की फिराक में था।01 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जयरामनगर रलिया तिराहा पर घेराबंदी कर रेड डाली, जहां नीरज वर्मा को गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास से जब्त गांजा की कीमत ₹2.01 लाख, मोबाइल ₹10 हजार और कार ₹5 लाख सहित कुल ₹7.11 लाख की सामग्री जब्त की गई। आरोपी पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B) व 29 के तहत केस दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।इस केस में फरार चल रहे सह-आरोपी विनोद वर्मा उर्फ औधोलिया को मुखबिर की सूचना पर धरमजयगढ़ से पकड़ा गया। पूछताछ में उसने पिछले चार वर्षों से गांजा तस्करी में लिप्त होने की बात कबूल की। आरोपी का मेमोरेंडम कथन लिया गया और 3 जुलाई को उसे भी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक हरिशचंद्र टांडेकर व उनकी टीम, एसीसीयू यूनिट समेत मुखबिर तंत्र की अहम भूमिका रही।




