Site icon Grand Gumber News

गांधी चौक मिनी स्टेडियम में दिव्यांगजन व्हीलचेयर क्रिकेट प्रतियोगिता का सफल आयोजन। महापौर पूजा विधानी ने खिलाड़ियों और समाज कल्याण विभाग को दी बधाई, बताया गौरव का क्षण

गांधी चौक मिनी स्टेडियम गांधी चौक में दिव्यांगजन व्हीलचेयर क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह प्रतियोगिता दिव्यांगजनों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और खेल भावना को समर्पित रही। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि माननीय महापौर पूजा विधानी रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि दिव्यांगजनों द्वारा व्हीलचेयर में क्रिकेट खेलना एक नई और प्रेरणादायक शुरुआत है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक सोच और समान अवसरों का संदेश देते हैं,

जो निश्चित रूप से गौरव की बात है।महापौर पूजा विधानी ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों की सराहना करते हुए कहा कि इन खिलाड़ियों ने यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और हौसले के आगे कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती। उन्होंने समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी इस तरह के आयोजन कराने के लिए बधाई दी और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों ने व्हीलचेयर पर रहते हुए बेहतरीन खेल कौशल का प्रदर्शन किया, जिसे देखने बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। आयोजन ने दिव्यांगजनों के प्रति समाज की सोच को बदलने और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक मजबूत पहल की। प्रतियोगिता के समापन पर सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

Exit mobile version