
रेलवे क्षेत्र स्थित सत्संग विहार शंकर नगर में गुरुपूर्णिमा के पावन अवसर पर गुरुदेव श्री श्री ठाकुर अनुकूल चंद्र जी का विशेष सत्संग एवं पूजा-अर्चना का आयोजन हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित हुए और गुरुदेव के चरणों में श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। सत्संग कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः प्रार्थना से हुई, जिसके पश्चात भक्तों ने ठाकुर अनुकूल चंद्र जी के नाम का जाप और सतमंत्र का उच्चारण करते हुए विश्व शांति और कल्याण की प्रार्थना की।

सत्संग स्थल पर भक्ति भावना से भरे वातावरण में भजन-कीर्तन भी हुआ जिसने माहौल को और भी आध्यात्मिक बना दिया। कार्यक्रम के उपरांत सार्वजनिक भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजकों ने बताया कि यह परंपरा हर वर्ष गुरुपूर्णिमा के दिन श्रद्धा और भक्ति के साथ निभाई जाती है।सत्संग विहार के सदस्यों ने बताया कि गुरुदेव ठाकुर अनुकूल चंद्र जी का मुख्य आश्रम झारखंड के देवघर में स्थित है।

वहां प्रतिवर्ष उनके जन्मोत्सव पर देश भर से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं और तीन दिन तक चलने वाले महोत्सव में भाग लेते हैं।कार्यक्रम के अंत में सत्संग विहार समिति ने सभी भक्तों का आभार व्यक्त किया और आने वाले वर्षों में भी इसी भक्ति और श्रद्धा से आयोजन करने का संकल्प दोहराया।




