Site icon Grand Gumber News

गुरु घासीदास बाबा का संदेश आज भी समाज को जोड़ने की प्रेरणा देता है” – मुख्यमंत्री चौका आरती और ध्वजारोहण कर मुख्यमंत्री ने प्रदेश की खुशहाली की कामना की

गुरुवार को गुरु घासीदास बाबा की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुंगेली जिले के सेट गंगा धाम में आयोजित भव्य कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। इस दौरान उनके साथ उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री खुशवंत साहब, मुंगेली विधायक धरमलाल कौशिक सहित अन्य मंत्री, जनप्रतिनिधि, प्रदेश भाजपा पदाधिकारी एवं संगठन के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम स्थल पर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था और पूरे परिसर में बाबा के जयकारे गूंजते रहे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उपस्थित जनसमूह को गुरु घासीदास बाबा की जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाबा द्वारा समाज को एक साथ लेकर चलने की जो दिशा तय की गई, वह आज भी उतनी ही प्रासंगिक और जीवंत है। उन्होंने कहा कि बाबा ने समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर कर समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। यही कारण है कि आज भी लोग उनके विचारों को संकल्प के रूप में अपनाते हैं और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में छत्तीसगढ़ के 25 वर्षों की विकास यात्रा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य के गठन के बाद से भारतीय जनता पार्टी ने विकास के हर चरण में सक्रिय सहभागिता निभाई है। बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से प्रदेश को आगे बढ़ाने का कार्य किया गया है।कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरु घासीदास बाबा की चौका आरती में भाग लिया तथा ध्वजारोहण कर प्रदेश की खुशहाली, शांति और समृद्धि की कामना की।

Exit mobile version