
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर तखतपुर स्थित गुरु तेग बहादुर वाटिका में स्वयं सिद्ध फाउंडेशन द्वारा क्षेत्र की महिलाओं के सम्मान में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में तखतपुर नगर पालिका अध्यक्ष पूजा मक्कड़ तथा जनपद पंचायत अध्यक्ष माधवी वस्त्रकार मौजूद रहीं। इसके अलावा नगर पालिका के पार्षद, विभिन्न क्षेत्रों की जनप्रतिनिधि महिलाएं और बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं कार्यक्रम में शामिल हुईं।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष पूजा मक्कड़ ने कहा कि महिलाओं के सम्मान के लिए यह एक छोटा सा प्रयास है। उन्होंने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों जैसे डॉक्टर, मितानिन और समाज सेवा से जुड़ी महिलाओं का चयन कर उन्हें सम्मानित किया गया है।

उन्होंने कहा कि आगे भी महिलाओं के हित और उनके उत्थान के लिए निरंतर कार्य किए जाएंगे।वहीं जनपद पंचायत अध्यक्ष माधवी वस्त्रकार ने कहा कि महिला दिवस तभी सार्थक होगा जब समाज में महिलाओं को बराबरी का दर्जा और सुरक्षित वातावरण मिलेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ महिलाओं का सम्मान करना भी सिखाएं।

स्वयं सिद्ध फाउंडेशन की सदस्य रितु साहू ने कहा कि उनकी टीम समाज के उत्थान और लोगों की भलाई के लिए लगातार काम कर रही है तथा महिला दिवस के अवसर पर सभी महिलाओं को शुभकामनाएं दीं। तखतपुर से विनय करिहार




