
देशभर में गैस की किल्लत को लेकर लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती नजर आ रही है। गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर रोज़ाना लंबी कतारें देखी जा रही हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं को सिलेंडर के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। फिलहाल घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति किसी तरह जारी है, लेकिन कमर्शियल गैस की कमी का असर होटल और ढाबों पर साफ दिखाई दे रहा है। कई छोटे होटल और ढाबे गैस नहीं मिलने के कारण अस्थायी रूप से बंद भी हो गए हैं।इसी मुद्दे को लेकर रविवार को सरकंडा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 62 शास्त्री नगर के कपिल नगर में युवक कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अनोखे तरीके से सरकार के खिलाफ नाराज़गी जताने की कोशिश की।

उन्होंने गैस के पाइप को नाली में डालकर गैस जलाने का प्रयास किया और उसी पर चाय बनाने की कोशिश भी की। कार्यकर्ताओं ने चायपत्ती, दूध और पतीली रखकर प्रतीकात्मक रूप से चाय बनाने का प्रयास किया, लेकिन वे इसमें सफल नहीं हो पाए।दरअसल कुछ दिनों पहले नाली से गैस बनने से जुड़ा एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, उसी को लेकर कार्यकर्ताओं ने यह अनोखा प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि गैस की किल्लत के बावजूद सिलेंडर के दामों में 60 रुपये की बढ़ोतरी कर दी गई है, जिससे आम जनता की परेशानी और बढ़ गई है।प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गैस आपूर्ति की समस्या दूर नहीं की गई और कीमतों पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो आने वाले समय में और उग्र आंदोलन किया जाएगा।




