Site icon Grand Gumber News

घटारानी धाम में भीषण आग, 8–9 दुकानें जलकर खाक, नवरात्रि से पहले दुकानदारों को लाखों का नुकसान, मुआवजे की मांग

गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल घटारानी धाम में देर रात भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। आग इतनी तेजी से फैली कि मंदिर परिसर में संचालित लगभग 8 से 9 दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। आगजनी की इस घटना में दुकानदारों को भारी नुकसान हुआ है, जिसका अनुमान करीब 8 से 10 लाख रुपये लगाया जा रहा है।बताया जा रहा है कि इन दुकानों में फैंसी सामग्री, प्रसादी और पूजा से जुड़ा सामान रखा हुआ था।

आगामी नवरात्रि पर्व को ध्यान में रखते हुए दुकानदारों ने हाल ही में बड़ी मात्रा में नया सामान खरीदा था, जो आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल गया। घटना के बाद प्रभावित दुकानदारों में भारी मायूसी देखी जा रही है।दुकानदारों ने आशंका जताई है कि आसपास के जंगल में लगी आग फैलते हुए मंदिर परिसर तक पहुंच गई होगी, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।घटना की सूचना मिलते ही फिंगेश्वर थाना पुलिस को अवगत कराया गया, जिसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं प्रभावित दुकानदारों ने शासन-प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराने और हुए नुकसान के बदले उचित मुआवजा देने की मांग की है।

Exit mobile version