Site icon Grand Gumber News

चकरभाठा में सूने मकान पर चोरों का धावा बिहार गए परिवार के पीछे से लाखों के जेवर पार

चकरभाठा थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला इंदु इमैजिका कॉलोनी का है, जहां सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना ने इलाके के रहवासियों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है, वहीं पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।जानकारी के अनुसार, मकान नंबर 222 में रहने वाले यशवंत सिंह अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने बिहार गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने मौके का फायदा उठाते हुए घर के ताले तोड़े और अंदर घुसकर अलमारी में रखे सोने-चांदी के कीमती जेवर और नकदी चुरा ली। परिवार के लौटने पर घर का सामान बिखरा देख घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें कुछ संदिग्ध नजर आए हैं। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। इससे पहले सिविल लाइन क्षेत्र में भी इसी तरह की चोरी की वारदात सामने आ चुकी है, जिससे यह आशंका गहराने लगी है कि शहर में कोई सक्रिय चोर गिरोह वारदातों को अंजाम दे रहा है।

Exit mobile version