Site icon Grand Gumber News

चलती ट्रेन से गायब हुई ITBP जवानों की दो बंदूकें, मैगजीन समेत हथियार चोरी,रायगढ़-चांपा रेलखंड पर घटना, लापरवाही में ASI-हेड कांस्टेबल सस्पेंड…

बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के रेलमार्ग से बड़ी सुरक्षा चूक की खबर सामने आई है। चलती ट्रेन में आईटीबीपी जवानों की दो बंदूकें और मैगजीन चोरी हो गईं। मामला बिलासपुर जीआरपी थाना तक पहुंचा और जांच तेज हो गई है।झारखंड रांची बटालियन में तैनात आईटीबीपी के एएसआई योगेंद्र प्रसाद और हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार छुट्टी पर अपने-अपने घर लौट रहे थे। दोनों हटिया सुपरफास्ट एक्सप्रेस में सवार होकर डोंगरगढ़ और उत्तर प्रदेश जा रहे थे।जानकारी के अनुसार, दोनों जवान देर रात तक जागते रहे। लेकिन जैसे ही रायगढ़ और चांपा स्टेशन के बीच नींद लगी, उनके पास रखी दो बंदूकें और मैगजीन समेत गोलियां चोरी हो गईं। हथियार गायब होते ही जवानों के पैरों तले जमीन खिसक गई।बिलासपुर स्टेशन पहुंचते ही दोनों ने तुरंत अपने आईटीबीपी बटालियन के अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। मामला गंभीर होने पर उच्च अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एएसआई और हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया।इसके बाद निर्देश के मुताबिक दोनों जवान आनन-फानन में बिलासपुर जीआरपी थाना पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत दर्ज करवाई। जीआरपी ने एफआईआर दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी गई है।रेल सुरक्षा में हुई इस बड़ी चूक ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल जीआरपी की टीम हथियारों की बरामदगी और आरोपियों की तलाश में जुट गई है। साथ ही आईटीबीपी के भीतर भी इस मामले को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Exit mobile version