
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जांजगीर–चांपा जिले के पुलिस जवानों का वार्षिक फायरिंग अभ्यास बलौदा क्षेत्रांतर्गत जर्वे स्थित फायरिंग रेंज में 12 दिसंबर 2025 से प्रारंभ किया गया है। इस अभ्यास का उद्देश्य पुलिस बल की कार्यकुशलता बढ़ाने के साथ-साथ निशानेबाजी क्षमता, आत्मविश्वास और हथियार संचालन कौशल को और अधिक सुदृढ़ करना है।

फायरिंग अभ्यास के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को विभिन्न आधुनिक हथियारों के सुरक्षित और प्रभावी उपयोग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पूरे अभ्यास में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जा रहा है और वरिष्ठ अधिकारियों की सतत निगरानी में प्रशिक्षण संचालित है।

इस अवसर पर रक्षित निरीक्षक श्री प्रदीप कुमार जोशी ने पुलिस कर्मियों को अनुशासन, सतर्कता और निरंतर अभ्यास के महत्व पर मार्गदर्शन देते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम पुलिस बल को हर आपात स्थिति से निपटने के लिए सक्षम बनाते हैं।




