Site icon Grand Gumber News

चैत्र नवरात्रि मेला: डोंगरगढ़ के लिए रेलवे की विशेष व्यवस्था श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए कई ट्रेनों का अस्थायी ठहराव और विस्तार

चैत्र नवरात्रि के दौरान डोंगरगढ़ स्थित प्रसिद्ध माँ बम्लेश्वरी मंदिर में हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इस वर्ष 19 मार्च से 27 मार्च तक लगने वाले मेले को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष रेल व्यवस्थाएं करने का निर्णय लिया है।नवरात्रि मेले के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन में कई ट्रेनों का अस्थायी ठहराव देने का फैसला किया है। साथ ही कुछ मेमू पैसेंजर ट्रेनों का अस्थायी विस्तार और एक विशेष मेमू पैसेंजर ट्रेन चलाने की भी व्यवस्था की गई है।रेलवे के अनुसार गोंदिया–दुर्ग–गोंदिया मेमू पैसेंजर को अस्थायी रूप से रायपुर तक बढ़ाया जाएगा, वहीं रायपुर–डोंगरगढ़–रायपुर मेमू पैसेंजर का विस्तार गोंदिया तक किया जाएगा। इसके अलावा डोंगरगढ़–दुर्ग–डोंगरगढ़ मेमू पैसेंजर स्पेशल भी चलाई जाएगी।नवरात्रि मेले के दौरान 19 से 27 मार्च तक कई दूरगामी एक्सप्रेस ट्रेनों का भी डोंगरगढ़ स्टेशन में अस्थायी ठहराव रहेगा। इनमें बिलासपुर–भगत की कोठी एक्सप्रेस, बिलासपुर–बीकानेर एक्सप्रेस, बिलासपुर–चेन्नई एक्सप्रेस, बिलासपुर–पुणे एक्सप्रेस और रायपुर–सिकंदराबाद एक्सप्रेस शामिल हैं।रेलवे प्रशासन का कहना है कि इन विशेष व्यवस्थाओं का उद्देश्य नवरात्रि मेले के दौरान डोंगरगढ़ पहुंचने वाले हजारों श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के माँ बम्लेश्वरी के दर्शन कर सकें।

Exit mobile version