
सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत छठ घाट पुल के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक राहगीर युवक अमर सिंह ने पुल के बीचोंबीच एक महिला को खड़ा देखा और कुछ ही दूरी पर बढ़ते ही वह अचानक नजरों से ओझल हो गई। उसे आशंका हुई कि महिला ने अरपा नदी में छलांग लगा दी है।राहगीरों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर तोरवा थाना पुलिस पहुंची और एसडीआरएफ टीम को जानकारी दी गई।

गोताखोरों ने नाव के सहारे अरपा नदी में घंटों तलाशी अभियान चलाया, लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं मिल सका।चूंकि घटनास्थल सरकंडा थाना क्षेत्र में आता है, इसलिए सरकंडा पुलिस ने मामले को अपने संज्ञान में लेकर गोताखोरों के साथ मिलकर महिला की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला ने वाकई नदी में छलांग लगाई या वह किसी और दिशा में चली गई। जांच जारी है।




