Site icon Grand Gumber News

छत्तीसगढ़ी सिनेमा की बड़ी पेशकश ‘मोर छइहा भुइयां 3’ 16 मई से सिनेमाघरों में

बिलासपुर छत्तीसगढ़ी सिनेमा को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाली ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘मोर छइहा भुइयां’ की तीसरी कड़ी, ‘मोर छइहा भुइयां 3’, 16 मई से प्रदेशभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने जा रही है। फिल्म के प्रमोशन के लिए रायपुर, बिलासपुर, कोरबा और रायगढ़ सहित कई शहरों में जोरदार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।फिल्म का निर्देशन सतीश जैन ने किया है, जो पहले भी इस श्रृंखला की दोनों सफल कड़ियों का निर्देशन कर चुके हैं। ‘मोर छइहा भुइयां 3’ एक पारिवारिक ड्रामा और एक्शन से भरपूर फिल्म है, जो छत्तीसगढ़ी संस्कृति और सामाजिक मूल्यों को बखूबी दर्शाती है। फिल्म के ट्रेलर और गानों को दर्शकों द्वारा खूब सराहा जा रहा है। फिल्म में मन कुरैशी, दीपक साहू और लक्षित झांजी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। वहीं, नायिकाओं के रूप में ऐल्सा घोष, ऋचा दीक्षित, दीक्षा जायसवाल और इशिका यादव नजर आएंगी।

फिल्म में खलनायकों की दमदार भूमिकाएं नितिन ग्वाला, क्रांति दीक्षित और धर्मेंद्र चौबे निभा रहे हैं। इसके अलावा 40 से अधिक कलाकारों की मौजूदगी इस फिल्म को भव्य बनाती है। तकनीकी दृष्टिकोण से फिल्म काफी मजबूत है। छायांकन सिद्धार्थ सिंह ने किया है, संगीत सुनील सोनी का है और गीतकारों में लक्ष्मण मस्तुरिया, सतीश जैन और गिरवर दास मानिकपुरी जैसे नाम शामिल हैं। कोरियोग्राफी, एक्शन और एडिटिंग जैसे विभागों में अनुभवी टीम ने काम किया है, जिससे फिल्म की गुणवत्ता और बढ़ गई है। निर्माता-निर्देशक सतीश जैन का मानना है कि यह फिल्म छत्तीसगढ़ी दर्शकों की भावनाओं को छूने में सफल रहेगी। अभिनेता मन कुरैशी ने कहा, “यह फिल्म सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ी पहचान का प्रतीक है।” वहीं अभिनेत्री ऐल्सा घोष ने कहा कि यह फिल्म सभी आयु वर्ग के दर्शकों के लिए उपयुक्त है और संस्कृति को गर्व के साथ प्रस्तुत करती है।

Exit mobile version