
बिलासपुर। उप मुख्यमंत्री एवं खेल तथा युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने बेंगलुरू स्थित साई के नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में परफॉर्मेंस असेसमेंट के लिए चयनित खिलाड़ियों को हॉकी किट प्रदान की। नवा रायपुर स्थित अपने शासकीय निवास कार्यालय में उन्होंने गोलकीपर अल्फाज खान को गोलकीपिंग का संपूर्ण किट तथा फॉरवर्ड खिलाड़ी मधु सिदार और दामिनी खुसरो को हॉकी स्टिक भेंट की। तीनों खिलाड़ी बिलासपुर के स्वर्गीय बी.आर. यादव राज्य प्रशिक्षण केंद्र बहतराई में पिछले तीन वर्षों से हॉकी का प्रशिक्षण ले रहे हैं।इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री साव ने खिलाड़ियों के चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य शासन और प्रशिक्षकों के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी लगातार उभर रहे हैं। जून 2022 से संचालित बहतराई के आवासीय प्रशिक्षण केंद्र में वर्तमान में 67 खिलाड़ी हॉकी का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।




