
केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू ने छत्तीसगढ़ में रेलवे अधोसंरचना के तीव्र विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केन्द्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार के दूरदर्शी नेतृत्व में राज्य में रेलवे क्षेत्र का व्यापक कायाकल्प हुआ है, जिससे कनेक्टिविटी, औद्योगिक विकास और यात्री सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार आया है।राज्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2009-14 के दौरान छत्तीसगढ़ के लिए वार्षिक रेलवे बजट ₹311 करोड़ था, जो 2026-27 में बढ़कर ₹7,470 करोड़ हो गया है। यह लगभग 24 गुना वृद्धि केन्द्र सरकार की विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। वर्तमान में राज्य में ₹51,080 करोड़ की रेलवे परियोजनाएं विभिन्न चरणों में प्रगति पर हैं, जिनमें नई रेल लाइनें, ट्रैक दोहरीकरण, स्टेशन पुनर्विकास और सुरक्षा से जुड़े कार्य शामिल हैं।अमृत स्टेशन योजना के तहत छत्तीसगढ़ के 32 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है, जिनमें से डोंगरगढ़ चरण-I अंबिकापुर, भानुप्रतापपुर, भिलाई और उरकुरा स्टेशनों पर कार्य पूर्ण हो चुका है। राज्य में वंदे भारत एक्सप्रेस की 2 जोड़ी और अमृत भारत एक्सप्रेस की 1 जोड़ी संचालित हो रही हैं। साथ ही, 100 प्रतिशत विद्युतीकरण, 1,200 किमी नई लाइनें, 170 फ्लाईओवर/अंडरपास और ‘कवच’ सुरक्षा प्रणाली से रेलवे को और सुरक्षित बनाया जा रहा है।




