
छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक मजबूत और सुलभ बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर स्थित अपने निवास परिसर से 151 नई स्वास्थ्य वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘स्वस्थ छत्तीसगढ़’ की अवधारणा को ज़मीन पर उतारने की दिशा में इसे एक सशक्त पहल बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये सभी वाहन पुराने और अनुपयोगी हो चुके वाहनों को स्क्रैप कर उनकी जगह शामिल किए गए हैं। इससे ना सिर्फ राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों को गति मिलेगी, बल्कि दूरदराज के अंचलों तक त्वरित और प्रभावी उपचार भी पहुंच पाएगा। पहले चरण में ये वाहन बस्तर और सरगुजा संभाग के 12 जिलों में भेजे जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि स्वास्थ्य अमले को अब समय पर निरीक्षण, निगरानी, स्वास्थ्य शिविर संचालन और आपातकालीन स्थितियों में त्वरित हस्तक्षेप करने की बेहतर सुविधा मिलेगी। इससे राज्य की संपूर्ण स्वास्थ्य सेवा प्रणाली अधिक गतिशील, उत्तरदायी और परिणामोन्मुखी बन सकेगी।इस मौके पर मुख्यमंत्री ने एक और बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश को जल्द ही 851 नई एंबुलेंस मिलेंगी। इनमें से 375 एंबुलेंस ‘108 सेवा’, 30 एंबुलेंस ग्रामीण मोबाइल चिकित्सा इकाइयों के लिए और 163 ‘मुक्तांजली’ शव वाहन सेवा के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘जन मन योजना’ के तहत विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए 30 विशेष एंबुलेंस की भी व्यवस्था की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वर्षा ऋतु जैसी कठिन परिस्थितियों में भी घर-घर स्वास्थ्य सेवा पहुंचाने को लेकर संकल्पबद्ध है।स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि पिछले डेढ़ वर्षों में स्वास्थ्य विभाग ने उनके मार्गदर्शन में कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। आज जिन 151 गाड़ियों को रवाना किया गया है, वे सभी जिलों में मैदानी अमले के लिए एक बड़ी सुविधा होंगी, जिससे फील्ड वर्क में तेज़ी आएगी। इस कार्यक्रम में सीजीएमएससी के अध्यक्ष दीपक म्हस्के, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सलीम राज, स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया और आयुक्त डॉ. प्रियंका शुक्ला सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम में जन स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में सरकार के प्रयासों की सराहना की गई।




