
बिलासपुर। प्रसिद्ध कवि और वक्ता डॉ. कुमार विश्वास 23 दिसंबर को बिलासपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले छत्तीसगढ़ युवा महोत्सव में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे एक भव्य कवि सम्मेलन में अपनी प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम को लेकर आयोजकों और कलाकारों ने सोशल मीडिया के माध्यम से आधिकारिक घोषणा की है, जिससे युवाओं और साहित्य प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। यह आयोजन छत्तीसगढ़ शासन के तत्वावधान में किया जा रहा है, जिसमें डॉ. कुमार विश्वास विशेष रूप से आमंत्रित प्रमुख आकर्षण होंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से विधायक और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति प्रस्तावित है।

कवि सम्मेलन और युवा महोत्सव को लेकर पुलिस परेड ग्राउंड में तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए भव्य और सुसज्जित पंडाल तैयार किया गया है, ताकि दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मंच, साउंड सिस्टम और प्रकाश व्यवस्था को भी आकर्षक रूप दिया गया है। आयोजकों के अनुसार इस कवि सम्मेलन में हजारों की संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसके लिए व्यापक बैठने की व्यवस्था की गई है, जिससे सभी दर्शक आराम से कार्यक्रम का आनंद ले सकें। साहित्य प्रेमियों और युवाओं में इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और प्रशासनिक अमला तैनात रहेगा, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।




