
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि सांसद संकुल विकास परियोजना से जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास को नई गति मिलेगी और इससे स्थानीय लोगों को स्वरोजगार से जोड़कर पलायन पर प्रभावी रोक लगेगी। रायपुर में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए क्लस्टर आधारित मॉडल पर काम किया जा रहा है। कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन और वनोपज के वैल्यू एडिशन के जरिए ग्रामीणों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है, वहीं नई उद्योग नीति में अनुसूचित जाति और जनजाति उद्यमियों के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं।

स्वामी विवेकानंद जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए ऊर्जा, आत्मविश्वास और दिशा का स्रोत हैं। छत्तीसगढ़ के लिए यह गौरव की बात है कि स्वामी विवेकानंद का जीवन रायपुर से जुड़ा रहा है। इसी अवसर पर मुख्यमंत्री ने बालोद जिले को 233 करोड़ रुपये लागत के विकास कार्यों की सौगात भी दी।मुख्यमंत्री श्री साय ने मकर संक्रांति पर्व के मद्देनज़र चीनी मांझे से होने वाली दुर्घटनाओं पर गहरी चिंता जताते हुए इसके उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रतिबंध का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम पर सवाल उठाने वाले लोगों को जनता पहचानती है और समय आने पर उचित जवाब देगी।




