Site icon Grand Gumber News

जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी आमजनों की समस्याएं त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

बिलासपुर। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में आम नागरिकों किसानों और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जनदर्शन में राजस्व प्रकरणों और प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े आवेदन अधिक संख्या में प्राप्त हुए।जनदर्शन में धुरीपारा मंगला निवासी पुरुषोत्तम पटेल ने बताया कि उनकी कृषि भूमि में उनके पिता के नाम के स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति का नाम ऑनलाइन दर्ज हो गया है। इस पर कलेक्टर ने एसडीओ बिलासपुर को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेलगहना के सेवानिवृत्त पुरुष पर्यवेक्षक ने जीपीएफ की अंतिम राशि भुगतान की मांग की, जिसे कलेक्टर ने सीएमएचओ को भेजा। सीपत तहसील के उच्चभट्ठी निवासी किसानों ने किसान सम्मान निधि की राशि नहीं मिलने की शिकायत की, जिस पर उप संचालक कृषि को आवश्यक कार्रवाई करने कहा गया। जनदर्शन में तिफरा निवासी अमरिका बाई ने महतारी वंदन योजना की राशि बंद होने की शिकायत करते हुए बताया कि रिकॉर्ड में उन्हें मृत दर्शा दिया गया है। तखतपुर क्षेत्र के ग्रामीणों ने स्कूल के शिक्षकों के खिलाफ शराब पीकर स्कूल आने की शिकायत की, जिस पर डीईओ को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके अलावा श्री राम केयर अस्पताल के खिलाफ आयुष्मान मरीजों से दुर्व्यवहार और अव्यवस्था की शिकायत पर नगर निगम आयुक्त और सीएमएचओ को जांच के निर्देश दिए गए।

Exit mobile version