Site icon Grand Gumber News

जय स्तंभ तोड़फोड़ मामले में सतनामी समाज ने सख्त चेतावनी देते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

बिलासपुर। जिले के लोरमी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झझपुरीकला में 16-17 जनवरी की मध्य रात्रि को सतनामी समाज के मान-सम्मान के प्रतीक जय स्तंभ को असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना से सतनामी समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है और समाजजनों ने इसे उनकी आस्था और सम्मान पर सीधा हमला बताया है। घटना के विरोध में सतनामी समाज के प्रतिनिधियों ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर संजय अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा। बताया गया कि जय स्तंभ को खंडित कर जलाया गया जिससे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। समाज ने इस कृत्य को गंभीर अपराध बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मांग की गई है कि आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और संविधान के तहत उनके विरुद्ध कठोर से कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही समाज ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो समस्त सतनामी समाज आंदोलन के लिए बाध्य होगा जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। सतनामी समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र न्याय दिलाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास हैं जिन्हें किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Exit mobile version