Site icon Grand Gumber News

जवाहर नवोदय विद्यालय मे स्टूडेंटस का हंगामा स्कूल के बाहर मेन गेट पर धरने पर बैठ स्टूडेंटस

बिलासपुर के मल्हार स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में मंगलवार को छात्रों ने जोरदार हंगामा कर दिया। बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स स्कूल के मेन गेट के बाहर धरने पर बैठ गए और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। अचानक हुए इस विरोध प्रदर्शन से स्कूल प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया। छात्रों का आरोप है कि स्कूल और हॉस्टल में लंबे समय से अव्यवस्था बनी हुई है। हॉस्टल में साफ-सफाई की कमी, समय पर इलाज की व्यवस्था न होना, भोजन की गुणवत्ता खराब होना और बुनियादी सुविधाओं का अभाव जैसे मुद्दों को लेकर वे नाराज हैं। छात्रों का कहना है कि कई बार प्रबंधन को शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले ही 10वीं कक्षा के एक छात्र की निमोनिया से मौत हो गई थी, जिसके बाद छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। उनका कहना है कि समय पर सही इलाज और बेहतर देखरेख मिल जाती तो साथी की जान बचाई जा सकती थी। इसी घटना ने छात्रों के आक्रोश को और बढ़ा दिया और उन्होंने सामूहिक रूप से धरना-प्रदर्शन का रास्ता अपनाया।धरने पर बैठे छात्रों ने मृत छात्र के मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और स्कूल व हॉस्टल की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार की मांग की है। सूचना मिलने पर शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और छात्रों को आश्वासन दिया कि शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल बातचीत के जरिए स्थिति को सामान्य करने की कोशिशें जारी हैं।

Exit mobile version