
जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है।ग्राम उबका तेंदूपारा में एक व्यक्ति ने शराब के नशे में अपनी पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने आरोपी जॉन केरकेट्टा को जंगल से गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है।पीड़िता के पिता सावन विश्वकर्मा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी बेटी पूजा उर्फ संपत्ति केरकेट्टा का 20 साल पहले प्रेम विवाह हुआ था। उनके दो बच्चे भी हैं। 30 जून को दामाद और बेटी के बीच विवाद के बाद नाती ने आकर सूचना दी कि मां की हत्या कर दी गई है। मौके पर जाकर देखा तो पूजा के सिर में गंभीर चोट थी और वह मृत अवस्था में पड़ी थी।पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल किया और बताया कि शराब के नशे में दोनों के बीच पैसे को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद आवेश में आकर उसने पत्नी के सिर पर डंडे से वार किया और गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त डंडा जब्त कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी संतलाल आयाम, एएसआई नरेंद्र मिंज, आरक्षक मुकेश पांडे और बल्ली रवि की सराहनीय भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए सख्त कार्रवाई की बात कही।




