Site icon Grand Gumber News

जशपुर पुलिस का #ClickSafe कार्यक्रम शुरूसायबर सुरक्षा के लिए तीसरे चरण का प्रशिक्षण अभियान जारी

जशपुर जिले में सायबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से हैशटैग क्लिक सेफ कार्यक्रम के तीसरे चरण का शुभारंभ 23 जून 2025 को एसएसपी शशि मोहन सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में कलेक्टोरेट परिसर के मंत्रणा हॉल में किया गया। इस मौके पर मास्टर ट्रेनर्स सुभ्रा झा, दीपांशु, रक्षित निरीक्षक अमरजीत खूंटे और यूनिसेफ के जिला समन्वयक श्री तेजराम सारथी मौजूद रहे। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न थाना और चौकियों से करीब 60 अधिकारी व कर्मचारी शामिल हुए।पहले दिन मास्टर ट्रेनर्स द्वारा सायबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। इसमें सायबर फ्रॉड, रैंसमवेयर, पासवर्ड प्रबंधन, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, मल्टी फैक्टर ऑथेंटिकेशन, सॉफ्टवेयर अपडेटिंग, फिशिंग और साइबर बुलिंग से बचाव के उपाय शामिल रहे।

ट्रेनर्स ने सायबर अपराध की स्थिति में त्वरित कार्रवाई और तकनीकी सहायता के तरीकों पर भी चर्चा की।तीन दिवसीय इस कार्यक्रम के तहत पहले दिन पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया। दूसरे दिन पुलिसकर्मियों और सायबर वालेंटियर्स को संयुक्त रूप से प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि तीसरे दिन ये सभी मिलकर फील्ड में जाकर ग्राम स्तर पर जागरूकता अभियान की शुरुआत करेंगे।इस अभियान का उद्देश्य बच्चों और समाज को डिजिटल युग की चुनौतियों से सुरक्षित रखना है।एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि हैशटैग क्लिक सेफ कार्यक्रम जिले के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रहा है। पूर्व में आयोजित दो चरणों के माध्यम से सैकड़ों सायबर योद्धा गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक कर चुके हैं। तीसरे चरण में भी यह अभियान पूरी मजबूती से जारी रहेगा और समाज को सायबर खतरों से निपटने की क्षमता प्रदान करेगा।

Exit mobile version