Site icon Grand Gumber News

जशपुर पुलिस ने अवैध धान परिवहन करते पिकअप पकड़ी 30 क्विंटल धान व वाहन जप्त, जिला प्रशासन को सौंपा

जशपुर जिले में अवैध धान परिवहन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। चौकी दोकड़ा क्षेत्र में जशपुर पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने बांसबहार चौक के पास उड़ीसा से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा 30 क्विंटल अवैध धान जब्त किया है। पुलिस ने पिकअप वाहन सहित 70 बोरियों में भरे धान को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया है।पुलिस के अनुसार 27 दिसंबर की शाम मुखबिर की सूचना पर सफेद रंग की पिकअप वाहन को रोका गया। जांच के दौरान चालक नरेन्द्र गुप्ता, निवासी कुनकुरी, धान से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या मंडी टोकन प्रस्तुत नहीं कर सका। धान की कीमत लगभग 69 हजार रुपये आंकी गई है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि धान खरीदी के दौरान अवैध परिवहन रोकने के लिए पुलिस सरहदी क्षेत्रों में सतत निगरानी और पेट्रोलिंग कर रही है। अब तक जशपुर पुलिस 7 ट्रक, 21 पिकअप और 2 ट्रैक्टर से कुल 1899 क्विंटल अवैध धान जब्त कर चुकी है और आगे भी यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Exit mobile version