
जशपुर जिले के थाना तुमला अंतर्गत चौकी कोल्हेनझरिया क्षेत्र में दो गुम व्यक्तियों की तलाश के दौरान पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए एक डेम से दोनों के शव बरामद किए हैं। मृतकों की पहचान सेरमाटोली निवासी दिलीप राम खड़िया और विलियम कुजूर के रूप में हुई है, जो 12 दिसंबर से लापता थे।परिजनों की सूचना पर गुम इंसान दर्ज कर पुलिस द्वारा लगातार पतासाजी की जा रही थी।जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ग्राम डांगबंधी के जंगल में जंगली सूअर का शिकार करने के लिए खुले करंट तार बिछाए गए थे। इसी करंट की चपेट में आने से दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने के इरादे से दोनों शवों को बोरे में भरकर कागजपुड़ा डेम में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी आयटू लोहार को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने चार साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।आरोपी की निशानदेही पर डेम से दोनों शव बरामद कर पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें करंट से मौत की पुष्टि हुई। पुलिस ने आरोपी आयटू लोहार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि मामले से जुड़े चार अन्य आरोपी फरार हैं, जिन्हें चिन्हित कर लिया गया है। एसएसपी जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि मामले में कठोर कार्रवाई की जा रही है और शेष आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।




