
जांजगीर-चांपा में छत्तीसगढ़ नागरिक सुरक्षा फाउंडेशन के शपथ ग्रहण समारोह में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने नागरिक सुरक्षा को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए नशाबंदी, काउंसलिंग और सामाजिक समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज की सुरक्षा सिर्फ शारीरिक नहीं, बल्कि मानसिक और नैतिक स्तर पर भी जरूरी है। एसपी ने पुलिस बल की सीमित संख्या का उल्लेख करते हुए नागरिक संगठन को विवाद समाधान, पीड़ित सहायता और जागरूकता गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा दी।

अपने संबोधन में एसपी पाण्डेय ने ‘समय बैंक’ की अनूठी अवधारणा को भी बढ़ावा दिया, जिसके तहत प्रत्येक नागरिक सप्ताह में कुछ घंटे समाजहित में श्रमदान कर सामाजिक पूंजी बना सकता है। उन्होंने फाउंडेशन पदाधिकारियों से अपराध प्रवृत्ति वाले लोगों को सकारात्मक दिशा देने, नशा पीड़ितों की काउंसलिंग करने और जिले को नशामुक्त व सुरक्षित बनाने में पुलिस–प्रशासन का मजबूत सहयोगी बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मौजूद सभी पदाधिकारियों को एसपी ने शपथ दिलाकर उनके योगदान की सराहना की।




