
जांजगीर-चांपा पुलिस ने प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री रोकने के लिए मेडिकल संचालकों की बैठक ली। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप ने जिले के सभी मेडिकल दुकानदारों को निर्देशित किया। जिले में लगभग 750 से अधिक मेडिकल दुकानें संचालित हैं।बैठक में साफ निर्देश दिए गए कि नशीली दवाओं की बिक्री केवल पंजीकृत डॉक्टर की वैध पर्ची पर ही हो। बिक्री का रिकॉर्ड सुरक्षित रखना अनिवार्य होगा। नाबालिगों और बिना पर्ची के किसी भी ग्राहक को ऐसी दवाइयाँ देने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने पर दुकानदारों के खिलाफ लाइसेंस रद्द, एफआईआर और गिरफ्तारी तक की कार्रवाई होगी। बैठक में औषधि विक्रेता संघ, नगर पुलिस अधीक्षक, ड्रग इंस्पेक्टर सहित बड़ी संख्या में मेडिकल संचालक मौजूद रहे।पुलिस का उद्देश्य समाज में नशे की रोकथाम और युवाओं को इस बुराई से बचाना है। अधिकारियों ने मेडिकल संचालकों से नियमों का पालन करने और पुलिस प्रशासन को पूरा सहयोग देने की अपील की।




