
जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ विकासखंड अंतर्गत शासकीय मिडिल स्कूल चौराभांठा में बुधवार को मध्यान्ह भोजन खाने के बाद बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। मध्यान्ह भोजन में परोसी गई खीर और पूड़ी खाने के कुछ ही देर बाद दर्जन भर से अधिक बच्चों को उल्टी, पेट दर्द और दस्त की शिकायत होने लगी, जिससे स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया।बच्चों की हालत बिगड़ते देख शिक्षकों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। एंबुलेंस के माध्यम से सभी प्रभावित बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवागढ़ में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने बच्चों का प्राथमिक उपचार शुरू किया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अधिकांश बच्चों की हालत अब स्थिर बताई जा रही है और सभी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।घटना की जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। मध्यान्ह भोजन में उपयोग किए गए खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए सुरक्षित कर लिए गए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि भोजन खराब था या किसी अन्य कारण से बच्चों की तबीयत बिगड़ी।इस घटना के बाद अभिभावकों में भी नाराजगी देखने को मिली। उन्होंने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।




