Site icon Grand Gumber News

जिंदा दंपति को कागजों में मृत दिखाकर हड़पी जमीन, एसएसपी के निर्देश पर FIR दर्ज फर्जी दस्तावेजों से नामांतरण, राजस्व अधिकारियों की मिलीभगत से हुआ बड़ा ज़मीन घोटाला

बिलासपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक दंपति को कागजों में मृत घोषित कर उनकी जमीन पर फर्जी दस्तावेजों के ज़रिए कब्जा कर लिया गया। लंबे समय तक सुनवाई न होने के बाद अब एसएसपी के निर्देश पर FIR दर्ज हुई है। मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है, जहां हेमू नगर निवासी दंपति अनुराधा सेनापति और उनके पति शशांक सेनापति की जमीन को कुछ लोगों ने कूटरचित दस्तावेज बनाकर अपने नाम करा लिया।

इसके लिए दोनों को सरकारी रिकॉर्ड में मृत दर्शाया गया।पीड़ित दंपति ने पुलिस को बताया कि खसरा नंबर 1276/8 की भूमि उनके नाम पर वर्षों से दर्ज है, लेकिन एक सुनियोजित साजिश के तहत अधिकारियों की मिलीभगत से नामांतरण करवा दिया गया। आरोप है कि नायब तहसीलदार सहित अन्य कर्मियों ने दस्तावेजों में गड़बड़ी कर फर्जी हस्तांतरण किया।

शिकायत के बावजूद महीनों तक कोई सुनवाई नहीं हुई। परेशान होकर अनुराधा सेनापति ने पूरे मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को दी। एसएसपी ने मामले को गंभीर मानते हुए तत्काल तोरवा पुलिस को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए।जांच के बाद पुलिस ने सावित्री तिवारी के खिलाफ कूटरचना, धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश की धाराओं में FIR दर्ज कर ली है।

दस्तावेजों की प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि फर्जीवाड़ा सुनियोजित ढंग से अंजाम दिया गया था। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की तह तक जाने में जुटी है। यह मामला सिर्फ एक ज़मीन विवाद नहीं, बल्कि सरकारी तंत्र में बैठे कुछ लोगों की मिलीभगत से जीवित दंपति को कागजों में मारने और उनकी संपत्ति हड़पने की गवाही देता है।देखने वाली बात होगी कि पुलिस आखिर इस मामले से जुड़े किन किन पर कार्यवाही करती है।

Exit mobile version