Site icon Grand Gumber News

जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट,छत्तीसगढ़–मध्यप्रदेश में हड़कंप, कोर्ट परिसरों में सघन जांच

एक ही दिन में मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के तीन जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर और राजनांदगांव, जबकि मध्यप्रदेश के रीवा जिला न्यायालय को ई-मेल के जरिए धमकी दी गई, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। दरअसल, तमिलनाडु के एक जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद देशभर की सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के न्यायालयों को भी संदिग्ध ई-मेल भेजे जाने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद एहतियाती कदम तेज कर दिए गए।

बिलासपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बताया कि फिलहाल बिलासपुर जिला न्यायालय को लेकर कोई सीधी और पुष्ट धमकी सामने नहीं आई है, लेकिन तमिलनाडु के एक कोर्ट को भेजी गई धमकी की ई-मेल कॉपी अन्य जिलों में भी भेजी गई थी। इसी आधार पर सुरक्षा बढ़ाई गई है।एएसपी ने बताया कि एहतियातन जिला न्यायालय परिसर के भीतर और बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। कोर्ट आने-जाने वाले हर व्यक्ति और वाहनों की सघन जांच की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।

एएसपी पंकज कुमार पटेल ने जानकारी दी कि तमिलनाडु के एक न्यायालय को भेजी गई थ्रेट मेल की कॉपी बिलासपुर में भी प्राप्त हुई है। इसी वजह से बम डिस्पोजल स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और पुलिस टीमों को मौके पर तैनात किया गया है। कोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों की गहन तलाशी ली गई है। हालांकि अब तक किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल ई-मेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने में जुटी हुई है। सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Exit mobile version