
जिले में राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की शुरुआत आज से की गई है। यह अभियान 10 फरवरी से 25 फरवरी तक जिले के सभी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य फाइलेरिया जैसी गंभीर बीमारी के प्रति लोगों को जागरूक करना और सामूहिक रूप से दवा सेवन के माध्यम से इसके प्रसार को रोकना है। अभियान की शुरुआत के अवसर पर जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में अधिकारियों ने सामूहिक रूप से फाइलेरिया रोधी दवा का सेवन कर आम जनता को जागरूक होने का संदेश दिया।

अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे तय समय पर दवा का सेवन कर इस अभियान को सफल बनाएं।स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान के दौरान घर-घर जाकर दवा का वितरण किया जाएगा तथा लोगों को फाइलेरिया रोग इसके कारण और बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार फाइलेरिया मच्छरों के काटने से फैलने वाली बीमारी है जिसे समय रहते दवा सेवन और जागरूकता से रोका जा सकता है। प्रशासन ने सभी नागरिकों से अभियान में पूर्ण सहयोग देने और परिवार के सभी सदस्यों का दवा सेवन सुनिश्चित करने की अपील की है।




