
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही पुलिस ने आगामी दुर्गा उत्सव को लेकर जिला पुलिस नियंत्रण कक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में दुर्गा उत्सव को शांति, सौहार्द और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने हेतु कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए। प्रशासन द्वारा प्रतिमा स्थापना एवं विसर्जन के लिए निर्धारित स्थान एवं समय-सारणी का पालन अनिवार्य होगा। ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग भी केवल तय सीमा में ही किया जा सकेगा, वहीं डीजे पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।
जुलूस एवं शोभायात्राएं तय मार्ग और समय के अनुसार ही निकाली जाएंगी, जिससे यातायात व्यवस्था बाधित न हो। सभी समितियों से कहा गया है कि वे सफाई और प्रकाश व्यवस्था का विशेष ध्यान रखें, साथ ही महिला एवं बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि किसी भी नियम उल्लंघन पर संबंधित समिति या व्यक्ति के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।सभी दुर्गा उत्सव समितियों ने प्रशासन और पुलिस को आश्वस्त किया कि वे पूर्ण सहयोग करेंगे और त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाएंगे।
