Site icon Grand Gumber News

जोन क्र. 2 सिरगिट्टी क्षेत्र में महापौर का निरीक्षण, नालियों की सफाई और सड़क सुधार कार्य में तेजी का आश्वासन

जोन क्रमांक 2 के सिरगिट्टी क्षेत्र स्थित वार्ड क्रमांक 10 और 11 में चल रहे करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का महापौर तथा नगर निगम आयुक्त ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान निगम के संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में वार्ड के नागरिक मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान महापौर और आयुक्त ने सड़क तथा नाली निर्माण की प्रगति का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण स्थल पर गुणवत्ता और गति को परखा तथा जहां आवश्यक लगा, अधिकारियों को निर्देश भी दिए।स्थानीय नागरिकों ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच पहुंचकर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया।

नागरिकों ने बताया कि नालियों की नियमित सफाई न होने से पानी भराव की स्थिति बनती रहती है, जिससे लोगों को आवागमन में कठिनाई होती है। वहीं कई जगहों पर पानी की पाइपलाइन नालियों में डूबी हुई है, जिससे पानी की आपूर्ति बाधित होने के साथ-साथ पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने का खतरा बना रहता है। इसके अलावा टूटी और जर्जर सड़कें भी क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बनी हुई हैं।नागरिकों की शिकायतें सुनने के बाद नगर निगम आयुक्त ने समस्याओं के शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नाली सफाई में तेजी लाई जाए, जहां पाइपलाइन प्रभावित है उसे तुरंत दुरुस्त किया जाए और सड़क निर्माण कार्यों को समय सीमा में पूरा किया जाए। महापौर ने भी कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है।

Exit mobile version