
सीपत थाना पुलिस ने ग्राम कुकदा में दो वर्ष पहले हुई नकबजनी के मामले में फरार चल रही महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपिया झुनिया बाई सौरा उर्फ शांति बाई अपने पति के साथ झाड़-फूंक करने के बहाने घर पहुंची थी और मौके का फायदा उठाकर सोने-चांदी के जेवर और नकदी पार कर फरार हो गई थी।पुलिस जांच में पता चला कि घटना के बाद आरोपी दंपति फरार हो गए थे, जबकि कुछ समय बाद आरोपी के पति की मौत हो गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने महिला को पकड़कर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।




