
रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लिम्हा मे बीती रात एक बड़ा हादसा होने की सूचना मिली है। जिसमें एक ट्रेलर टोल टैक्स बचाने के चक्कर में गांव की सड़क से होकर गुजर रहा था। इसके बाद ट्रेलर का ब्रेक फेल होने की वजह से ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और अनियंत्रित ट्रेलर सीधा एक घर में घुस गया। जिसकी वजह से घर में मौजूद 4 वर्षीय बच्ची सौम्या की मौके पर ही मौत हो गई। और इसके साथ ही घर के अन्य चार सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार ट्रेलर गांव की सड़क से होकर कोरबा की ओर जा रही थी।

मौके पर ही पुलिस ने ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया और आगे की कार्यवाही में जुट गई। आधी रात में गांव में हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद आक्रोशित गांव वालों ने रोड में घंटो चक्का जाम कर दिया। जिसकी वजह से कुछ समय तक यातायात बाधित हुई समझाइश के बाद गांव वालों ने चक्का जाम खत्म किया। लेकिन इस तरह की घटना सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों के अनियंत्रित संचालन की ओर गंभीर सवाल खड़े करती है। स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को ऐसे मामलों पर सख्ती से कार्यवाही करने की जरूरत है। ताकि भविष्य में ऐसे हादसे पर नियंत्रण किया जा सके।




