Site icon Grand Gumber News

डीआईजी-एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने रक्षित केंद्र जशपुर का वार्षिक निरीक्षण किया परेड, वाहन शाखा व दरबार के माध्यम से पुलिसकर्मियों की समस्याओं का निराकरण

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने रक्षित केंद्र जशपुर का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रक्षित केंद्र में आयोजित परेड की सलामी ली तथा परेड का सूक्ष्म निरीक्षण किया। परेड में 134 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे, जिनमें उत्कृष्ट टर्नआउट वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कृत भी किया गया।परेड निरीक्षण के पश्चात डीआईजी-एसएसपी द्वारा रक्षित केंद्र की वाहन शाखा का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान शासकीय वाहनों की स्थिति, रखरखाव एवं लॉग बुक का अवलोकन किया गया तथा वाहन चालकों को वाहनों को सदैव बेहतर स्थिति में रखने के निर्देश दिए गए।इसके पश्चात रक्षित केंद्र के सभा कक्ष में दरबार का आयोजन किया गया, जहां डीआईजी-एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने जनता के प्रति संवेदनशील रहकर कर्तव्य निर्वहन, कार्यालयों व परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने, स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा नशे से दूर रहने पर विशेष जोर दिया।

डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि पुलिसकर्मियों को कंप्यूटर ज्ञान एवं चार पहिया वाहन चलाने का प्रशिक्षण देने हेतु विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दरबार के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याएं सुनी गईं और उनका त्वरित निराकरण किया गया। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version