Site icon Grand Gumber News

डीएमएफ शासी परिषद की बैठक में 100 करोड़ से अधिक की वार्षिक कार्य-योजना का अनुमोदन

बिलासपुर, जिला खनिज संस्थान न्यास की शासी परिषद की बैठक कलेक्टर संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में मंथन सभाकक्ष में संपन्न हुई। इस महत्वपूर्ण बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 100 करोड़ रुपये से अधिक की वार्षिक कार्य-योजना को सर्वसम्मति से स्वीकृति दी गई। बैठक में जिले के सांसद व केन्द्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, विधायकगण धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, दिलीप लहरिया, अटल श्रीवास्तव तथा जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी शामिल हुए।

बैठक में जिले के समग्र विकास को दृष्टिगत रखते हुए विभिन्न योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रमुख रूप से बिलासपुर में एजुकेशन हब की स्थापना हेतु 15 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा गोकने नाला पर पुल निर्माण के लिए 3.29 करोड़, सभी जोन एरिया में वेन्डिंग जोन व आंगनबाड़ी भवन हेतु 3.50 करोड़, पंचायत कार्यों के लिए 3 करोड़ तथा दिव्यांगजन के कौशल विकास हेतु 3 करोड़ रुपए की योजनाओं को शामिल किया गया।

स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु 20 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है, जबकि पेयजल सुविधा के लिए 4 करोड़ और पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के लिए 5 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है। डीएमएफ की विशेषता यह है कि यह ऐसे कार्यों को प्राथमिकता देता है जो शासन की अन्य योजनाओं में सम्मिलित नहीं होते हैं। बैठक में पूर्व में अनुमोदन की प्रत्याशा में स्वीकृत लगभग डेढ़ करोड़ रुपये के सात कार्यों को भी अंतिम मंजूरी प्रदान की गई। इनमें ग्रामीण क्षेत्रों के लिए जरूरी आधारभूत संरचना को मजबूत करने वाली परियोजनाएं शामिल हैं। परिषद ने इन कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने की भी अनुशंसा की।

Exit mobile version