29.4 C
Bilāspur
Friday, April 3, 2026
spot_img

डूबते खतरे से खेलते लापरवाह युवक, डेम पर स्टंटबाज़ी करने वालों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई,नशे में चूर, बाइक से स्टंट और तेज बहाव में मस्ती… अब पुलिस ने दिखाई सख्ती, दर्ज हुई एफआईआर

लगातार हो रही भारी बारिश के चलते डैम, नदियों और जलाशयों का जलस्तर लगातार ऊपर चढ़ता जा रहा है। इसके बावजूद लोग खतरे को नजरअंदाज़ कर जलप्रपातों और डैम के किनारे मौज-मस्ती में डूबे हुए हैं। कोटा का कोरी डेम और खूंटाघाट जैसे पर्यटन स्थल, जहां सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ रही है, वहां कुछ लापरवाह युवक जान जोखिम में डालकर स्टंट और नशे की हालत में मस्ती कर रहे हैं। अब प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए सख्ती बरतनी शुरू कर दी है।डैम और जलाशयों में पानी का स्तर इस समय खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। खासकर कोरी डेम के वेस्ट वियर में पानी का बहाव बेहद तेज हो चुका है, जिस क्षेत्र को सुरक्षा कारणों से सील कर दिया गया है।

लेकिन तमाम चेतावनियों को दरकिनार करते हुए कुछ युवक जानबूझकर वहां पहुंचकर स्टंट करते दिखे। वीडियो में कुछ युवक खतरनाक धाराओं में नहाते और बाइक से करतब दिखाते नजर आए। यही नहीं, कुछ नशे की हालत में थे और किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थे।कोटा पुलिस को जब इन घटनाओं की जानकारी मिली तो टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर युवकों को खदेड़ा और जमकर फटकार लगाई।

पूछताछ में सामने आया कि सभी युवक स्थानीय हैं और नशे की हालत में नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए वेस्ट वियर की ओर जा पहुंचे थे। मौके पर तैनात गार्ड ने इन्हें रोका भी, लेकिन वे उल्टा उससे ही उलझ गए। पुलिस ने इन सभी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 185 के तहत कार्रवाई की है और चेतावनी दी है कि भविष्य में इस तरह की हरकत पर सीधी गिरफ्तारी होगी।यह पहली घटना नहीं है, जब जल स्रोतों पर लापरवाही भारी पड़ी हो। हाल ही में सीपत थाना क्षेत्र के तुंगन नाले में तेज बहाव के बीच एक 3 साल के मासूम की मौत हो चुकी है। बच्चा खेलते-खेलते बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते लापता हो गया। इसके बाद कई जगहों से छोटे-बड़े हादसों की खबरें लगातार आ रही हैं, जिसने पुलिस-प्रशासन की चिंता और ज़िम्मेदारी दोनों बढ़ा दी हैं।

अब कोरी डेम, खूंटाघाट और अन्य संवेदनशील जलाशयों में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। ड्रोन से निगरानी, लगातार पेट्रोलिंग और माइकिंग के जरिए लोगों को सतर्क किया जा रहा है। जलाशयों के पास ‘नो एंट्री’ ज़ोन तय किए गए हैं और नशे या स्टंट के मामलों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है।पुलिस की अपील साफ है डूबते जलस्तर, तेज बहाव और खराब मौसम में किसी भी जल स्रोत के पास जाना खतरे से खाली नहीं। थोड़ी सी लापरवाही आपके जीवन में कभी न भर पाने वाला पछतावा बन सकती है।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Stay Connected

132,000FansLike
3,912FollowersFollow
21,600SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles