Site icon Grand Gumber News

डोंगरीडीह में 14 वर्षीय बालक की सुपारी देकर हत्या…

थाना लवन अंतर्गत ग्राम डोंगरीडीह में 14 वर्षीय बालक की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर लिया है। बालक की गुमशुदगी के बाद 1 अप्रैल को उसका शव महानदी किनारे रेत में दबा हुआ मिला था। प्रारंभिक जांच में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई, जिस पर थाना लवन पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए 3 अपचारी बालकों सहित कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि मृतक की सौतेली मां मीना धृतलहरे और सगी चाची मोंगरा धृतलहरे ने मिलकर बालक की हत्या की साजिश रची थी। दोनों ने ग्राम सरखोर निवासी गोविंदा कोसले को 50 हजार रुपये की सुपारी दी और बालक का फोटो भी मोबाइल पर भेजा। गोविंदा ने 3 नाबालिगों को शामिल कर 30 मार्च की रात बालक को बहाने से मोटरसाइकिल में बैठाकर महानदी ले गया और बेल्ट से गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को रेत में दबाकर सभी आरोपी फरार हो गए थे।हत्या के पीछे पारिवारिक रंजिश और घरेलू विवाद मुख्य कारण रहे। मृतक की मां दुर्गा अपने पति की दूसरी पत्नी मीना पर बेटे को नजरअंदाज करने के आरोप लगाकर ताने देती थी, जिससे मीना आक्रोशित थी। वहीं मोंगरा और मृतक के परिवार के बीच अवैध संबंधों की शंका पर अनबन चल रही थी। इसी वजह से दोनों महिलाओं ने मिलकर बालक की हत्या की योजना बनाई। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

Exit mobile version