
स्वतंत्रता दिवस पर लागू ड्राई डे के दौरान बिलासपुर पुलिस ने अवैध शराब परिवहन और बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। तारबाहर थाना पुलिस ने स्वदेशी प्लाज़ा के सामने घेराबंदी कर आरोपी रवि वर्मा को पकड़ा, जिसके कब्जे से 43 नग देशी और 36 नग अंग्रेजी गोवा शराब सहित कुल 14 लीटर 220 एमएल मदिरा और एक स्कूटी जब्त की गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

इसी दिन “ऑपरेशन प्रहार” के तहत सकरी थाना पुलिस ने दो अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर अवैध शराब बेचने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पहली कार्रवाई में पुराना बाजार, सकरी से अशोक कुमार ध्रुव के कब्जे से 32 पाव देशी प्लेन शराब कीमती 2880 रुपये बरामद हुई। वहीं, दूसरी कार्रवाई में ग्राम जोंकी से शिव प्रसाद यादव के कब्जे से 35 पाव देशी शराब कीमती 3150 रुपये जब्त की गई।

पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश और एएसपी राजेन्द्र जायसवाल व सीएसपी निमितेश सिंह के मार्गदर्शन में हुई इन कार्रवाइयों में थाना प्रभारी, निरीक्षक और जवानों की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ड्राई डे और सामान्य दिनों में भी अवैध शराब परिवहन व बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।




