Site icon Grand Gumber News

तुलेश्वर सिंह मरकाम: “मैं किंगमेकर की भूमिका में रहूंगा।” लोकसभा चुनाव में पांच राज्यों से चुनाव लड़ेगी गोड़वाना गणतंत्र पार्टी।

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम के इस बार लोकसभा चुनाव लड़ने की खबर का उन्होंने खंडन करते हुए इसे भ्रामक बताया है।

जल, जंगल, जमीन की लड़ाई लड़ने वाली गोंडवाना गणतंत्र पार्टी इस बार पांच राज्यों के साथ छत्तीसगढ़ में भी सभी 11 सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।

इधर मुख्यधारा की मीडिया और सोशल मीडिया पर यह खबर वायरल हो रही है कि पाली तानाखार के गोंडवाना गणतंत्र पार्टी से विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम कोरबा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। पार्टी ने प्रदेश की तीन लोकसभा सीट के लिए प्रत्याशी फाइनल कर लिए है। जिसमें विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम का भी नाम शामिल है। जिसका खंडन करते हुए तुलेश्वर सिंह मरकाम ने कहा कि वे चुनाव लड़ नहीं रहे हैं बल्कि वे किंग मेकर की भूमिका में है। मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र के साथ छत्तीसगढ़ में भी किंगमेकर की भूमिका में होंगे और प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार करेंगे।

ज़ी न्यूज़ के साथ खास बातचीत में विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम ने कहा कि पिछले दिनों पार्टी प्रदेश कार्य समिति की बैठक में तीन प्रत्याशियों का चयन हुआ जिसमें श्याम सिंह मरकाम, हेमलाल मरकाम जैसे नाम शामिल है। विधायक तुलेश्वर मरकाम ने इस बार लोकसभा चुनाव में कोरबा और मध्य प्रदेश के मंडला से जीत के दावे किए हैं।

जल, जंगल ,जमीन की लड़ाई लड़ने वाली गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के विधायक का कहना है कि उनकी पार्टी लगातार गरीब आदिवासियों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती है. इसलिए उन्हें किसी चुनाव में अलग से प्रचार की आवश्यकता नहीं पड़ती। उनका दावा है कि सरकारी योजनाओं का लाभ आदिवासियों को नहीं मिल पा रहा। उन्हें जंगल से विस्थापित किया जा रहा है। पार्टी के मूल सिद्धांत बेटी बचाओ, संस्कृति बचाओ ,वोट बचाओ को लेकर उनके कार्यकर्ता लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं जिससे कि आदिवासियों की आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक जीवन में बदलाव आ सके। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं के बावजूद आज तक वंचित आदिवासियों को वन भूमि का पट्टा नहीं मिल पाया है, इसके लिए भी उनकी पार्टी सतत प्रयास कर रही है।

मीडिया के साथ बातचीत में उन्होंने कहा कि वन भूमि पर काबिज आदिवासियों की मूलभूत सुविधाओं के लिए आज भी उनकी पार्टी संघर्षरत है। हितग्राहियों को जमीन का पट्टा दिलाने के लिए भविष्य में जिला मुख्यालय में उग्र आंदोलन की बात भी उन्होंने कहीं। साथ ही उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर अपना दमखम दिखायेगी। उन्होंने छत्तीसगढ़ में कोरबा सीट पर जीत के दावे किये। साथ ही कहा कि मध्य प्रदेश के मंडला से भी उनके प्रत्याशी जीतकर संसद तक पहुंचेंगे। यह अफवाह इन दिनों जोरों पर है कि गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने विधायक मरकाम को चुनाव मैदान में उतारा है, जिसका उन्होंने स्वयं खंडन करते हुए इसे अफवाह बताया है। लेकिन उन्होंने यह जरूर कहा कि उनकी पार्टी छत्तीसगढ़ के सभी 11 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसके अलावा पार्टी के प्रत्याशी मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना और महाराष्ट्र में भी उतारे जाएंगे। सभी प्रत्याशियों के समर्थन में वे लगातार प्रचार कर पार्टी को मजबूत करने की बात कह रहे हैं।

राकेश खरे की रिपोर्ट

Exit mobile version