
तेलुगु समाज द्वारा हिंदू नव वर्ष को उगादि के रूप में उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर तेलुगू संयुक्त समाज कल्याण समिति के तत्वावधान में गुरुवार को भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह भगवान की पूजा-अर्चना से हुई, जिसके बाद पुजारी द्वारा पंचांग का वाचन कर नववर्ष का महत्व बताया गया।इस दौरान विशिष्ट जनों का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर पूजा विधानी उपस्थित रहीं।

साथ ही वर्ष 2024-25 में सीजी एवं सीबीएसई बोर्ड की 10वीं और 12वीं परीक्षाओं में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया। सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र को स्वर्गीय श्री आर. मधुकर राव की स्मृति में नगद पुरस्कार प्रदान किया गया।समाज के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसमें क्लासिकल और वेस्टर्न-बॉलीवुड नृत्य शामिल रहे। दिनभर आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। शाम के कार्यक्रम में कूपन वितरण और लकी ड्रा का आयोजन हुआ, जिसमें विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए गए। अंत में आतिशबाजी और रात्रि भोज के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।




