
तखतपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए तेवर ग्रुप के कुख्यात बदमाश नरेन्द्र गेंदले उर्फ बबलू को धारदार स्टील का चापड़ लहराकर लोगों में भय फैलाने के आरोप में गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ पहले से ही कई गंभीर मामले दर्ज थे और वह दो माह से फरार चल रहा था। पुलिस ने मौके से हथियार जब्त कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।मामला 14 अगस्त 2025 का है, जब मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम मोढे चौराहा, तखतपुर के पास फरार आरोपी नरेन्द्र गेंदले हाथ में धारदार हथियार लेकर खड़ा है और राहगीरों को डराने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी की टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में सामने आया कि वह देवांगन होटल मारपीट प्रकरण में फरार था।पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ तखतपुर थाना क्षेत्र में 5 मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या का प्रयास, मारपीट, धमकी, आर्म्स एक्ट और पाक्सो एक्ट जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर गुंडे-बदमाशों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि इलाके में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।




